दुदुंभी बजाती महिला, हाथों में ध्वज पताका लिए युवक, कुछ भगवा टी-शर्ट और कैप्स धारण किए हुए और राम के गीत गा रहे नौजवान, सब हिस्सा थे उस रैली का जो रविवार को विश्व हिंदू परिषद ने राम मंदिर निर्माण के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की थी.
अयोध्या धर्मसभा में जमा हुई कम भीड़ से सचेत संघ परिवार से जुड़े संगठन ने किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी थी - नतीजा: तुर्कमान गेट से राजघाट को जानेवाली सड़क पर घंटे-आधे घंटे तक बस रैली में शामिल होने के लिए आनेवालों की क़तार ही नज़र आई.
अगर भीड़ बड़ी थी, तो धर्मसभा का आयोजन भी भव्य था - विशाल स्टेज जिसपर कम से कम दो दर्जन हिंदू साधु-संत बैठे थे, मैदान के चारों कोनों पर पुलिस के मचान और जगह-जगह लगे विशालकाय टीवी स्क्रीन, जिसपर बारी-बारी से मंच पर भाषण दे रहे वक्ता और भीड़ को देखा जा सकता था.
रैली में शामिल होनेवालों के लिए कुर्सी की व्यवस्था भी की गई थी.
अलग-अलग साधु-संतों के भाषणों के बाद बारी आई आरएसएस में नंबर दो के सबसे बड़े अधिकारी सह- कार्यवाह भैयाजी जोशी के बोलने की.
भैयाजी जोशी ने "मंदिर वहीं बनाएंगे की घोषणा करनेवाले जो लोग आज सत्ता में बैठे हैं" को याद दिलाया कि लोकतंत्र में संसद का भी अधिकार है.
संघ का भी समर्थन
सत्ता में बैठे उन लोगों को संसद के दायित्व की याद दिलाते हुए सुरेश जोशी ने कहा कि वो साधु-संतों के ज़रिए इस मामले पर लाये गए प्रस्तावों से पूरी तरह सहमत हैं.
जय श्री राम और मंदिर वहीं बनाएंगे के नारों के बीच एक के बाद एक साधु संत ने कहा कि हिंदू समाज का धैर्य समाप्त हो गया है और अब सरकार को चाहिए कि वो अयोध्या में एक भव्य मंदिर के निर्माण के लिए संसद में क़ानून लाए.
उनकी मांग थी कि ये क़ानून संसद के इसी यानी शीत सत्र में ही आना चाहिए और अगर विधेयक संसद में पास न भी हो पाता है तो सरकार को उसकी फर्क़ नहीं होनी चाहिए क्योंकि उससे ये साफ़ हो जाएगा कि कौन-कौन से राजनीतिक दल मंदिर के समर्थन में हैं और कौन विरोध में.
No comments:
Post a Comment